लखीमपुर खीरी , जून 18 -- आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने की।
बैठक में धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों के साथ त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने पर चर्चा की गई। बैठक का संचालन अपर जिलाधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह ने किया।
जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि मोहर्रम गम और मातम का पर्व है, इसलिए इसे परंपरागत एवं गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूसों में किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी तथा ताजियों की ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि पूर्व की घटनाओं से सबक लेते हुए सभी को निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। किसी भी प्रकार की अराजकता या शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने बताया कि प्रशासन और पुलिस सभी समुदायों के प्रतिनिधियों के लगातार संपर्क में हैं तथा पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही बिजली, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में प्राप्त सुझावों पर समयबद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने कहा कि त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी सौहार्द और भाईचारे की परंपरा को बनाए रखने की अपील की। एसएसपी ने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों से सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी अपुष्ट जानकारी को साझा न करें। उन्होंने कहा कि माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी पवन गौतम, सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी, एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता राजीव कुमार यादव, डिप्टी सीएमओ डॉ. धनीराम, जिला पंचायत राज अधिकारी विशाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में धर्मगुरु उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित