पटना , जून 26 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने शुक्रवार को कहा कि मोहर्रम त्याग, सब्र और इंसानियत का पैगाम देता है।
श्री प्रसाद के साथ उनके परिवार के सदस्यों पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, सांसद मीसा भारती और राजद के प्रमुख नेताओं प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जगदानंद सिंह, उदय नारायण चौधरी,राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ कांति सिंह, जयप्रकाश नारायण यादव, राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव, सैयद फैसल अली, बिनु यादव,राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता प्रो. मनोज कुमार झा, प्रदेश प्रधान महासचिव रणविजय साहू, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव, प्रवक्ता एजाज अहमद और सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने बयान जारी कर मोहर्रम के अवसर पर सभी मुसलमानों को हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद दिलाई और कहा कि यह पर्व त्याग, सब्र,और इंसानियत का पैगाम देता है। राजद नेताओं में कहा कि सभी के दिल में कर्बला की याद जिंदा रहे और इंसानियत का पैगाम हर दिल तक पहुंचे।
राजद ने कहा है कि हजरत इमाम हुसैन और उनके साथियों की शहादत हक और सच के लिए जुल्म के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा देता है ।
सभी नेताओं ने अपील की है कि मोहर्रम का पर्व एक दूसरे के साथ मिलकर आपसी सौहार्द के साथ मनाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित