उज्जैन , जून 25 -- मध्यप्रदेश में उज्जैन जिले के बड़नगर थाना क्षेत्र में मोहर्रम जुलूस के दौरान सार्वजनिक शांति एवं सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 23-24 जून की रात्रि मोहर्रम जुलूस के दौरान बड़नगर के जय स्तंभ चौक पर कुछ लोगों ने क्रेन की सहायता से एक वाहन को हवा में लटकाकर उसमें पटाखे रखकर विस्फोट किया। घटना के समय क्षेत्र में भारी भीड़ मौजूद थी।
पुलिस ने बताया कि पटाखों के विस्फोट से वाहन के कांच तथा अन्य वस्तुएं आसपास गिरीं, जिससे आमजन के जीवन और सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हुआ। मामले में बड़नगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 382/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण कायम किया है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अडान मोहल्ला निवासी शोएब, जाहिद तथा तपसील उर्फ तस्लीम खां को हिरासत में लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित