बलरामपुर , जून 20 -- उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में मोहर्रम के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां संभावित घुसपैठ और शांति व्यवस्था भंग करने की आशंकाओं को देखते हुए लगातार निगरानी और तलाशी अभियान चला रही हैं।

पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने शनिवार को बताया कि मोहर्रम के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की मंशा से असामाजिक एवं राष्ट्रविरोधी तत्वों की संभावित गतिविधियों को देखते हुए सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), नागरिक पुलिस और खुफिया विभाग की संयुक्त टीमें संवेदनशील तथा अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में लगातार कांबिंग और सर्च अभियान चला रही हैं।

उन्होंने बताया कि सीमा से जुड़े रेलवे स्टेशनों, बस स्टेशनों, बाजारों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा जंगलों, दुर्गम मार्गों और पगडंडियों पर भी जवानों की गश्त बढ़ा दी गई है तथा संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही है।

श्री कुमार ने बताया कि जिले के सभी 13 थाना क्षेत्रों में धर्मगुरुओं, ताजियादारों और अन्य जिम्मेदार लोगों के साथ बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों में मोहर्रम के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की जा रही है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मोहर्रम के दौरान शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी से निपटने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित