वाराणसी , जून 17 -- वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बुधवार को कहा कि माेहर्रम के त्योहार में किसी भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं करने दी जायेगी।
मोहर्रम त्यौहार को सकुशल संपन्न कराने को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक धर्मगुरुओं, इमामों, ताजियेदारों और सिविल डिफेंस के सदस्यों के साथ बुधवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में ट्रैफिक पुलिस लाइन सभागार में सम्पन्न हुई।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि तकनीक का जमाना है, कोई यह न सोचे कि अपराध करके बच जाएगा। आजकल चारों तरफ सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और सभी सुरक्षाकर्मियों के पास मोबाइल भी है। उन्होंने सभी शांति समिति के सदस्यों से कहा कि कोई भी फर्जी या भ्रामक खबर मिलने पर उसकी तत्काल सूचना जिला प्रशासन या अपने पास के थाने में अवश्य दें, जिस पर संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा सके और जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कोई आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट न करें। थानों में होने वाली शांति समिति की बैठकों में पिछले वर्षों के चिन्हित स्थानों के बारे में सावधानी बरतने का निर्देश दिया। कहा कि सोशल मीडिया और ड्रोन कैमरे के माध्यम से कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बैठक में एक-एक कर सभी शांति समिति के सदस्यों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ समस्याओं के समाधान कराने के निर्देश दिए। साथ ही समिति के सदस्यों को सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं के दृष्टिगत जरूरी सतर्कता बरतने की हिदायत दी।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को ताजिए वाले स्थानों का भ्रमण कर वहां पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी ताजिए के साथ अस्त्र-शस्त्र लेकर प्रदर्शन न करे तथा डीजे की आवाज भी सामान्य रखे।
जिलाधिकारी ने कहा कि पिछले एक साल में सभी त्यौहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी जनपदवासी आगामी मोहर्रम सहित अन्य त्यौहारों को भी परंपरागत, पूरे हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण ढंग से मनाएंगे। किसी भी व्यक्ति द्वारा ऐसा कार्य नहीं किया जाना चाहिए, जिससे किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचे।
बैठक में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीना, एडीएम सिटी पंकज कुमार, डीसीपी गौरव वंशवाल, नीतू कादयान, एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा सहित जनपद की सभी मस्जिदों के इमाम मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित