भोपाल , अगस्त 15 -- मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल तथा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और प्रदेशवासियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव, श्री खण्डेलवाल और श्री जामवाल ने एक-दूसरे तथा पार्टी पदाधिकारियों को मिष्ठान खिलाकर स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। इस अवसर पर महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर देश की स्वतंत्रता के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया गया।

डॉ. यादव ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि भारत का अतीत उज्ज्वल रहा है और देश ने सदैव दुनिया के सामने मानवता की मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी लाखों स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिकारियों और वीर सपूतों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का पर्व नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और संकल्पों को दोहराने का अवसर भी है।

उन्होंने कहा कि 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में रानी लक्ष्मीबाई सहित अनेक क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों का बलिदान देकर स्वतंत्रता आंदोलन को मजबूत किया। प्रवासी भारतीयों ने भी दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से भारत की आजादी के लिए आवाज बुलंद की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत का प्रभाव बढ़ रहा है और देश का सामर्थ्य लगातार मजबूत हो रहा है। भारत अमृतकाल में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा दुनिया के सबसे बड़े युवा देश के रूप में युवा शक्ति राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

उन्होंने कहा कि जनसंघ के समय से भाजपा जिन विचारों और संकल्पों को लेकर आगे बढ़ी, उन्हें प्रधानमंत्री के नेतृत्व में साकार किया जा रहा है। विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि परिवारवाद और शहरी नक्सलवाद लोकतांत्रिक व्यवस्था के सामने चुनौतियां हैं, लेकिन भारत अपनी एकता, सामर्थ्य और लोकतांत्रिक शक्ति के बल पर हर चुनौती का सामना करने में सक्षम है। प्रधानमंत्री के आह्वान पर प्रदेशभर में निकाली गई तिरंगा यात्राओं ने राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम का संदेश दिया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान से मिली है। स्वतंत्रता सेनानियों का बलिदान व्यर्थ न जाए तथा देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता सदैव अक्षुण्ण रहे, यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में भी जनहित और विकास के कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

श्री खण्डेलवाल ने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी को राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के साथ विकसित भारत और विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित