उज्जैन , जून 20 -- मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शनिवार को यहां सिंहस्थ 2028 में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 778 करोड़ रुपए राशि की लागत से किए जा रहे 29.15 किमी लंबे नवीन घाट निर्माण कार्य की प्रगति का नवनिर्मित त्रिवेणी घाट पहुंचकर निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री यादव और केंद्रीय मंत्री खट्टर ने घाट निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

डॉ यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सिंहस्थ-2028 को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का सिंहस्थ अनुभव सनातन संस्कृति के वैभव अनुरूप हों।

निरीक्षण के दौरान सिंहस्थ 2028 में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए किए जा रहे नवीन घाट निर्माण कार्य की विस्तार से जानकारी अपर मुख्य सचिव राजेश राजौरा ने दी और बताया कि 29.15 किमी नवीन घाट निर्माण कार्य 778 करोड़ रुपए राशि से किया जा रहा है।नवीन घाटों पर श्रद्धालुओं के प्रवेश - निकास के लिए 150 से अधिक स्थान चिन्हित किए गए है। नवीन घाट निर्माण कार्य अंतर्गत 18.20 किमी लंबी रिटेनिंग वॉल का निर्माण किया जा चुका है साथ ही सात किमी नवीन घाट निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है,लगभग 22 किमी में घाट निर्माण कार्य तेजी से प्रगतिरत है ।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री यादव, केंद्रीय मंत्री खट्टर , कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, कैबिनेट मंत्री तुलसी राम सिलावट और सांसद अनिल फिरोजिया ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश नीम ,रुद्राक्ष,पीपल के पौधे नवीन घाटों पर रोपित किया। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रदेश वृक्षों और वनों से आच्छादित रहे यह सरकार की प्राथमिकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित