कोलकाता , जुलाई 28 -- मोहन बागान एथलेटिक क्लब ने 'मोहन बागान दिवस' के अवसर पर दिए जाने वाले अपने प्रतिष्ठित वार्षिक पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। इस वर्ष क्लब का सर्वोच्च सम्मान 'मोहन बागान रत्न' मरणोपरांत पूर्व क्लब सचिव अंजन मित्रा को प्रदान किया जाएगा।
मोहन बागान दिवस के उपलक्ष्य में 29 जुलाई को मोहन बागान ग्राउंड में ध्वजारोहण और पूर्व खिलाड़ियों के बीच एक प्रदर्शनी मैच का आयोजन होगा। इसके बाद 30 जुलाई को नेताजी इंडोर स्टेडियम में मुख्य पुरस्कार वितरण समारोह व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
हर साल 29 जुलाई को मनाया जाने वाला 'मोहन बागान दिवस' इतिहास के पन्ने में सुनहरे अक्षरों में दर्ज है। 29 जुलाई 1911 को पहली बार किसी भारतीय फूटबॉल टीम ने किसी अंग्रेजी टीम को हराकर इतिहास रच दिया था। इसलिए यह दिन केवल फुटबॉल प्रेमियों के लिए ही नहीं, बल्कि स्वतंत्रता और आत्मसम्मान की भावना में विश्वास रखने वाले हर भारतीय के लिए बेहद खास है।
इस दिन मोहन बागान एथलेटिक क्लब ने ब्रिटिश टीम 'ईस्ट यॉर्कशायर रेजिमेंट' को हराकर प्रतिष्ठित आईएफए शील्ड का खिताब अपने नाम किया था। ऐसा करने वाला मोहन बागान पहला भारतीय क्लब बना था।
वर्ष 1911 का वह मुकाबला कोई साधारण खेल नहीं था, बल्कि यह औपनिवेशिक मानसिकता पर करारा प्रहार था। जहाँ एक तरफ ब्रिटिश सैनिक आधुनिक जूते और पूरी सुविधाओं के साथ मैदान में उतरे थे, वहीं मोहन बागान के खिलाड़ियों ने नंगे पैर खेलते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी।
वर्ष 2025-26 के लिए घोषित अन्य प्रमुख पुरस्कारों में अल्बर्टो रोड्रिगेज को सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर का 'शिवदास भादुड़ी पुरस्कार' और लिस्टन कोलाको को सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड का 'सुभाष भौमिक पुरस्कार' दिया जाएगा। सुहेल अहमद भट को सर्वश्रेष्ठ युवा फुटबॉलर चुना गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित