संगरूर/चंडीगढ़ , सितंबर 05 -- लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पंजाब पुलिस की कथित बर्बरता के शिकार मोहनजीत से शनिवार को फोन पर बात कर उन्हें हरसंभव सहयोग और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मोहनजीत से मुलाकात के बाद श्री गांधी से उनकी फोन पर बातचीत करायी। राजा वड़िंग ने कहा कि श्री गांधी ने मोहनजीत के साहस की सराहना करते हुए पंजाब कांग्रेस को उसे न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करने को कहा है। राजा वड़िंग ने घोषणा की कि मोहनजीत के समर्थन और पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस तथा महिला कांग्रेस के सदस्य मुख्यमंत्री भगवंत मान जहां भी जाएंगे, उन्हें काले झंडे दिखाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाने पर मोहनजीत को पुलिस हिरासत में कथित रूप से प्रताड़ित किया गया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मामले की पुलिस जांच को खारिज करते हुए संबंधित थाना प्रभारी (एसएचओ) और डीएसपी को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि मोहनजीत को हिरासत में थर्ड डिग्री यातना और बिजली के झटके दिये गये तथा मारपीट से उसके कान के पर्दे को नुकसान पहुंचा।

राजा वड़िंग ने कहा कि यदि सरकार ने संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कीतो कांग्रेस सरकार बनने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संकेत दिया कि कांग्रेस विधायक दल के नेता से चर्चा के बाद पार्टी राज्यपाल से भी मुलाकात कर सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित