नयी दिल्ली , जून 07 -- प्रतिष्ठित 51वें अखिल भारतीय गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (पंजीकृत) के पूल सी लीग मुकाबले में बाल भवन क्रिकेट अकादमी ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए भवानी यूथ क्रिकेट क्लब को रविवार को 26 रन से पराजित किया।
टॉस जीतकर भवानी यूथ क्रिकेट क्लब ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बाल भवन क्रिकेट अकादमी ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 231 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। मोहक कुमार ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 104 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 10 छक्के शामिल थे। यश भाटिया ने 27 गेंदों पर 60 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि यजस शर्मा ने 26 रन का योगदान देकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।
भवानी यूथ की ओर से सभय चड्ढा ने 48 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि महाक्ष दीवान और कार्तिक पवार ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।
232 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भवानी यूथ क्रिकेट क्लब की टीम कड़ा संघर्ष करने के बावजूद 18.3 ओवर में 205 रन पर ऑलआउट हो गई। सनत सांगवान ने शानदार संघर्ष करते हुए 33 गेंदों में 66 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 6 छक्के शामिल थे। गुलजार संधू ने 29 और विमन्यु कुमार ने 25 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित