कांकेर , अगस्त 25 -- छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षाबलों ने मोरखण्डी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सली डंप बरामद किया है। डंप से चार भारमार बंदूक सहित हथियार, संचार उपकरण और बड़ी मात्रा में अन्य नक्सली सामग्री मिली है।
पुलिस के अनुसार जिले के नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षाबलों की ओर से लगातार संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 अगस्त को छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के ग्राम मोरखण्डी के जंगल-पहाड़ी इलाके में बीएसएफ, जिला बल और बीडीएस की संयुक्त टीम सर्चिंग पर निकली थी।
अभियान के दौरान जवानों को एक स्थान संदिग्ध दिखाई दिया। सुरक्षा बलों ने जब वहां जांच की तो जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सलियों का डंप मिला। सुरक्षा के मद्देनजर बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वॉड) की टीम की मौजूदगी में डंप की तलाशी ली गई।
डंप से भारमार बंदूक - 4, भारमार बंदूक के बैरल - 3, वायरलेस सेट - 1, बिजली वायर - 3 बंडल, जीपीएस - 1, छोटी सोलर प्लेट - 1, चार्जर - 1 और नक्सली साहित्य बरामद किया गया। इसके अलावा बड़ी मात्रा में अन्य नक्सली सामग्री भी बरामद की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित