ग्वालियर , अगस्त 05 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में साइबर ठगों ने मोबाइल हैक कर दो अलग-अलग लोगों के बैंक खातों से कुल 91 हजार रुपये निकाल लिए। दोनों मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आंतरी थाना क्षेत्र के ग्राम लधवाया निवासी रानी गौड़ ने शिकायत दर्ज कराई है कि 29 जुलाई की रात करीब 8:15 बजे उनका मोबाइल फोन अचानक हैक हो गया। कुछ देर बाद मोबाइल सामान्य होने पर बैंक खाते की जांच करने पर 60 हजार रुपये निकाले जाने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इसी तरह पनिहार थाना क्षेत्र के ग्राम कांसेर निवासी सतेन्द्र गुर्जर ने शिकायत में बताया कि वह सिटी सेंटर स्थित एक निजी हाउसिंग फाइनेंस कंपनी में कार्यरत हैं। 28 जुलाई की सुबह करीब 11:30 बजे उनके मोबाइल पर सॉफ्टवेयर अपडेट का नोटिफिकेशन आया, जिसके बाद मोबाइल हैक होकर हैंग हो गया। दोपहर में मोबाइल को सर्विस सेंटर पर फॉर्मेट कराया गया। शाम को मोबाइल चालू कर बैंक खाते की जांच करने पर 31 हजार रुपये निकाले जाने का पता चला।
जबकि पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उन्होंने किसी अज्ञात लिंक पर क्लिक नहीं किया था और न ही कोई नया एप डाउनलोड किया था। पुलिस दोनों मामलों में साइबर ठगी का प्रकरण दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित