सेंट्रल नोएडा , सितंबर 06 -- उत्तर प्रदेश में सेंट्रल नोएडा जोन सेक्टर-63 थाना पुलिस ने मोबाइल फोन स्नैचिंग और चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार उनके कब्जे से स्नैचिंग और चोरी के 31 मोबाइल फोन, एक अवैध चाकू और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुष्पेन्द्र (23) और ध्रुव (19) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी गाजियाबाद के कृष्णानगर बागू क्षेत्र के रहने वाले हैं।

रविवार को पुलिस ने कार्रवाई की जानकारी दी और बताया कि, आज स्थानीय इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-63 थाना पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को थाना क्षेत्र के सेक्टर-63 स्थित हल्दीराम बी-1, कट की ओर जाने वाली सर्विस रोड से गिरफ्तार किया।

पुलिस द्वारा मामले का खुलासा एक मोबाइल स्नैचिंग की घटना के बाद हुआ। पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि बाइक सवार दो युवकों ने उसका सैमसंग मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। आरोप है कि मोबाइल में लिंक बैंक खाते का इस्तेमाल कर आरोपियों ने फोन के माध्यम से 93,500 रुपये निकाल लिए।

मामले में सेक्टर-63 थाना पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और 66डी आईटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने टीम गठित कर जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ित के बैंक खाते से ट्रांसफर किए गए 70 हजार रुपये को डेबिट/फ्रीज कराया और आरोपियों की तलाश शुरू की।

इसके बाद पुलिस ने पुष्पेन्द्र और ध्रुव को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पीड़ित का सैमसंग मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे बरामद मोटरसाइकिल से राह चलते लोगों को निशाना बनाकर उनके मोबाइल फोन छीनते थे। इसके बाद मोबाइल का पासवर्ड तोड़कर उसमें मौजूद पेटीएम और फोनपे जैसे डिजिटल भुगतान माध्यमों का इस्तेमाल करते हुए अपने खातों में पैसे ट्रांसफर करने की कोशिश करते थे।

जब उनके पास बड़ी संख्या में मोबाइल फोन इकट्ठे हो जाते थे तो वे उन्हें कम कीमत में राह चलते लोगों को बेच देते थे। मोबाइल बेचकर मिलने वाली रकम को दोनों आपस में बांट लेते थे। तथा आरोपियों ने लोगों को डराने-धमकाने के लिए अपने पास अवैध चाकू भी रखते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 31 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें 30 मोबाइल फोन चोरी/स्नैचिंग के बताए गए हैं, जबकि एक सैमसंग मोबाइल फोन सेक्टर-63 थाना में दर्ज मुकदमे से संबंधित है।

पुलिस की जांच पड़ताल में गिरफ्तार आरोपी ध्रुव का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ सेंट्रल नोएडा सेक्टर-63 थाना, गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना और विजयनगर थाना, में चोरी, स्नैचिंग/संपत्ति संबंधी अपराध तथा शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में कई मामले दर्ज हैं।

ध्रुव के खिलाफ वर्ष 2022 से 2026 के बीच कुल 10 मामलों का उल्लेख पुलिस ने किया है। इनमें सेक्टर-63 थाना के मुकदमे संख्या 394/2026, 376/2026, 385/2026 और 326/2026 के अलावा गाजियाबाद के विभिन्न थानों में दर्ज मामले शामिल हैं।

दूसरे आरोपी पुष्पेन्द्र के खिलाफ भी सेक्टर-63 थाना में वर्ष 2026 के दौरान चार मामले दर्ज हैं।

पुलिस अब बरामद किए गए अन्य मोबाइल फोन के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ये फोन किन घटनाओं से जुड़े हैं और इनके वास्तविक मालिक कौन हैं। साथ ही आरोपियों से जुड़े अन्य संभावित मामलों और गिरोह के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित