अलवर , जुलाई 17 -- राजस्थान में अलवर जिले के बड़ौदामेव थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात मुख्य बाजार में स्थित एक मोबाइल शोरूम में अचानक आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और दुकान के अंदर रखा लाखों रुपये का मोबाइल, एक्सेसरीज़, इलेक्ट्रॉनिक सामान और फर्नीचर धू-धू कर जलने लगे। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

सूत्रों ने बताया कि देर रात दुकान से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दीं। लोगों ने तुरंत दुकान मालिक और प्रशासन को सूचना दी। कुछ लोगों ने आग बुझाने का प्रयास भी किया लेकिन आग देखते ही देखते पूरे शोरूम में फैल गई।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग का दल मौके पर पहुंचा और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित