श्रीगंगानगर , फरवरी 05 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में पुलिस ने विभिन्न लोगों के मोबाइल छीनकर उन फोन से रंगदारी मांगने के दो आरोपी युवकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता ने गुरुवार को बताया कि आरोपियों ने लूटे गए फोनों से धमकी भरे कॉल्स करके व्यापारी को डराने की कोशिश की थी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान दिलप्रीतसिंह चक 47 जीबी, श्रीगंगानगर और गुरलालसिंह उर्फ लाली (33) पंजाब के तरनतारन जिले के थाना सरयारी क्षेत्र के गांव जोड़ा के निवासी के रूप में हुई है।

डा अमृता ने बताया कि 28 जनवरी को श्रीविजयनगर के एक व्यापारी ने पुलिस को शिकायत की कि अज्ञात व्यक्ति उसे मोबाइल फोन पर धमकी देकर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांग रहे हैं।

इस पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज करके जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने साइबर शाखा की सहायता से धमकी देने वालों का पता लगाया गया। आज इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। डॉ. अमृता ने बताया कि आरोपियों ने 28 जनवरी से एक फरवरी के बीच श्रीगंगानगर और बीकानेर जिलों में कई व्यक्तियों के मोबाइल फोन लूटे थे। इन लूटे गए फोनों का इस्तेमाल करके वे व्यापारी को लगातार धमकियां दे रहे थे। दोनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित