नयी दिल्ली , अक्टूबर 19 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को किसानों तक सरकारी योजनाओं, आर्थिक सहायता और खेती की जानकारियों को बिना किसी परेशानी के सीधे उनके मोबाइल फोन तक पहुंचाने के लिए संशोधित 'एग्री वेलफेयर पोर्टल' का औपचारिक शुभारंभ किया।
श्री चौहान ने इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इस पोर्टल के जरिए अब किसानों को योजनाओं की जानकारी लेने या आवेदन करने के लिए अलग-अलग दफ्तरों और वेबसाइटों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि यह प्लेटफार्म केवल किसानों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि किसान उत्पादक संगठनों, प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पैक्स), कृषि वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और स्टार्टअप्स को भी एक साथ जोड़ेगा।
यहां जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार श्री चौहान ने अधिकारियों से कहा कि पोर्टल की सफलता सही और समयबद्ध जानकारी से तय होगी। पोर्टल पर हर जानकारी का लगातार अपडेट होना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही भाषा और प्रक्रिया सरल हो ताकि आम किसान इसे आसानी से समझें और चला सकें। किसानों को इसे चलाने के लिए कृषि विज्ञान केंद्रों के जरिए प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित