मुरैना , सितंबर 19 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले की बागचीनी थाना पुलिस ने एयरटेल मोबाइल टावरों से महंगे उपकरण और अन्य सामान चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही और उनके कब्जे से 15 लाख रुपये से अधिक कीमत का चोरी का सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ईको वाहन, कटर, बड़ा कटर, प्लास और बड़ा पेचकस भी जब्त किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 13 अगस्त 2026 की रात जाफराबाद में लगे एयरटेल टावर का नेटवर्क अचानक बंद हो गया था। सूचना मिलने पर कंपनी का कर्मचारी मौके पर पहुंचा तो टावर का ताला टूटा मिला और अंदर लगे उपकरण तथा अन्य सामान गायब थे। इस संबंध में पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों से मोबाइल टावरों से चोरी करने वाले गिरोह से जुड़ी कई जानकारियां सामने आईं। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर जाफराबाद टावर में चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मुरैना, भिण्ड और ग्वालियर जिलों के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित मोबाइल टावरों से महंगे उपकरण और अन्य सामग्री चोरी करने की बात कबूल की है। मुरैना जिले में देवगढ़, जौरा, चिन्नोंनी, सिविल लाइन और मुरैना शहर, भिण्ड जिले में मेहगांव, गोहद, मौ और भिण्ड शहर तथा ग्वालियर जिले में कंपू और गिरवई क्षेत्र के मोबाइल टावरों से चोरी की वारदातें किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने इन क्षेत्रों में स्थित विभिन्न मोबाइल टावरों से उपकरण और अन्य सामान चोरी करने की कई वारदातें कबूल की हैं। पुलिस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश और चोरी के सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित