धार , जून 12 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में पीथमपुर पुलिस ने मोबाइल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 40 हजार रुपये से अधिक मूल्य के चार चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पीथमपुर के जय नगर (छत्रछाया) कॉलोनी और इंडसटाउन क्षेत्र में पिछले कुछ समय से मोबाइल चोरी की घटनाएं बढ़ रही थीं। अज्ञात चोर रात्रि के समय घरों में प्रवेश कर मोबाइल फोन चोरी कर रहे थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया।

जांच के दौरान दो संदिग्ध युवकों की पहचान होने पर पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रीवा निवासी सत्यम तिवारी और साहिल अहिरवार के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत 40 हजार रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित