ग्वालियर , सितंबर 18 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में मोबाइल में अचानक अपडेट की प्रक्रिया शुरू होने के बाद फोन बंद हो गया और दोबारा चालू होने पर खाते से 82 हजार रुपये गायब मिले। घटना मुरार थाना क्षेत्र के ईदगाह बारादरी की है। बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर मोबाइल बंद रहने के दौरान यूपीआई के जरिए रकम ट्रांसफर किए जाने का पता चला।

ईदगाह बारादरी निवासी मुमताज अली ने पुलिस को बताया कि 14 सितंबर को सुबह करीब 11:10 बजे वह घर पर थे। इसी दौरान उनके मोबाइल में अचानक अपडेट जैसी प्रक्रिया शुरू हो गई। उन्होंने मोबाइल बंद करने का प्रयास किया, लेकिन फोन बंद नहीं हुआ। कुछ देर बाद मोबाइल अपने आप बंद होकर दोबारा चालू हो गया।

फोन चालू होने पर उसमें डाउनलोड किए गए सभी ऐप डिलीट मिले। मुमताज ने दोबारा फोन पे डाउनलोड कर एसबीआई खाते का बैलेंस चेक किया तो उसमें 82 हजार रुपये कम मिले।

अगले दिन बैंक जाकर स्टेटमेंट निकलवाने पर पता चला कि 14 सितंबर को मोबाइल बंद रहने के दौरान अज्ञात व्यक्ति ने यूपीआई के जरिए उनके खाते से 82 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए थे। इसके बाद उन्होंने तत्काल खाता ब्लॉक कराया और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। मुरार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित