खरगोन , मार्च 13 -- सोशल मीडिया पर 'कुंभ गर्ल' के नाम से चर्चित मोनालिसा भोंसले की शादी की खबर सामने आने के बाद उसके गृह नगर महेश्वर में इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मोनालिसा के परिजनों ने स्पष्ट कहा है कि यदि वह अकेली घर लौटती है तो परिवार उसे स्वीकार करेगा, लेकिन यदि वह फरमान खान के साथ आती है तो उसे परिवार में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

मोनालिसा के चाचा विजय भोंसले और चाची ऐशामालिनी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मोनालिसा परिवार की बेटी है और यदि वह अकेली वापस आती है तो परिवार उसे अपनाने को तैयार है। हालांकि उन्होंने कहा कि यदि वह फरमान खान के साथ घर लौटती है तो परिवार उसे स्वीकार नहीं करेगा।

परिजनों के अनुसार केरल में फरमान खान नामक युवक से मोनालिसा की शादी की खबरें और तस्वीरें सामने आने के बाद से महेश्वर स्थित उसके घर पर सन्नाटा पसरा हुआ है। इस घटना को लेकर परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों में दुख और नाराजगी दोनों देखने को मिल रहे हैं।

परिवार के लोगों ने बताया कि मोनालिसा हाल ही में होली के आसपास महेश्वर आई थी। उस दौरान वह पासपोर्ट से संबंधित प्रक्रिया के लिए थाने भी पहुंची थी, लेकिन वह अपने घर नहीं गई। इसके बाद वह 2 मार्च को अपने पिता के साथ केरल चली गई थी।

मोनालिसा की दादी प्रमिला ने बताया कि जब मोनालिसा अपने पिता के साथ उज्जैन में रहकर प्रशिक्षण ले रही थी, उसी दौरान केरल के कुछ लोगों ने उसे और उसके पिता को अपने प्रभाव में ले लिया था। उन्होंने कहा कि परिवार ने कभी भी मोनालिसा पर शादी का दबाव नहीं बनाया, बल्कि हमेशा यही चाहा कि वह आगे बढ़े और अपने जीवन में बड़ा मुकाम हासिल करे।

परिवार के सदस्यों का कहना है कि यदि मोनालिसा वापस आना चाहती है तो उसे घर में स्थान दिया जाएगा, लेकिन इसके लिए वह अकेले लौटे। साथ ही परिजनों ने यह भी कहा कि यदि वह घर लौटना चाहे तो सरकार और प्रशासन को उसकी मदद करनी चाहिए।

वहीं दूसरी ओर मोनालिसा और उसके पति फरमान खान ने इन आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि यह उनका प्रेम विवाह है और इसमें किसी प्रकार का दबाव या धोखा नहीं है। उन्होंने कहा कि वे सभी धर्मों का सम्मान करते हैं और इस विवाह के लिए किसी ने भी धर्म परिवर्तन नहीं किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित