चेन्नई , अक्टूबर 02 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 11 अक्टूबर को एक दिवसीय व्यस्त दौरे पर यहां आयेंगे और कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री मोदी चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के तहत 14.64 किलोमीटर लंबे पहले खंड का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वह भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और संगीत के दिग्गज इलैयाराजा को समर्पित एक विशेष संगीत केंद्र का उद्घाटन करेंगे।

चेन्नई मेट्रो के दूसरे चरण के विस्तार के पहले परिचालन खंड को सभी नियामकीय मंजूरियां मिलने के सात महीने बाद प्रधानमंत्री इसका शुभारंभ करेंगे।

प्रधानमंत्री अपनी यात्रा के दौरान पूनमल्ली से पोरुर तक मेट्रो रेल से यात्रा करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय उनके साथ होंगे। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह पहला अवसर होगा, जब श्री विजय किसी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के साथ मंच साझा करेंगे।

चेन्नई में 14.64 किलोमीटर लंबे पूनमल्ली-वडापलानी गलियारे का निर्माण पूरा हो चुका है। इसमें 11 एलिवेटेड स्टेशन हैं। चेन्नई मेट्रो रेल निगम ने रेलवे संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण के बाद आवश्यक परीक्षण पूरे कर लिए हैं और जरूरी मंजूरियां भी प्राप्त कर ली हैं।

यह खंड गलियारा-4 या येलो लाइन का हिस्सा है और पूनमल्ली बाईपास तथा वडापलानी के बीच है। यह दूसरे चरण के नेटवर्क का वाणिज्यिक परिचालन शुरू करने की मंजूरी पाने वाला पहला खंड है। मेट्रो रेलवे संरक्षा आयुक्त ने फरवरी में इस खंड पर परिचालन को मंजूरी दी थी, जिससे इसे शुरू करने का रास्ता साफ हुआ। यह लाइन आगे चलकर एक बड़े पूर्व-पश्चिम मेट्रो संपर्क का हिस्सा बनेगी, जो तेजी से विकसित हो रहे पश्चिमी उपनगरों को चेन्नई के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क के बाकी हिस्सों से जोड़ेगी।

इस खंड के शुरू होने से शहर के पश्चिमी हिस्से की लगातार बढ़ती यातायात भीड़ वाली मुख्य सड़कों के लिए एक वैकल्पिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है। इससे मौजूदा मेट्रो सेवाओं से संपर्क भी बेहतर होगा। यह खंड दूसरे चरण के तहत बनने वाले 26 किलोमीटर लंबे लाइटहाउस-पूनमल्ली गलियारा का हिस्सा है। यह गलियारा तीन गलियारों में कुल 118.9 किलोमीटर लंबे दूसरे चरण की परियोजना के तहत विकसित किया जा रहा है। सिग्नल प्रणाली, पटरी के प्रदर्शन, ट्रेनों के परिचालन और संरचनात्मक सुरक्षा की जांच सहित परीक्षण परिचालन पहले ही पूरा किया जा चुका है। इस सेवा को पहले फरवरी में शुरू किए जाने की उम्मीद थी, लेकिन प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की पुष्टि का इंतजार किए जाने के कारण उद्घाटन में देरी हुई।

मेट्रो कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री आईआईटी-मद्रास परिसर जायेंगे, जहां वह स्टार्टअप कंपनियों के संस्थापकों के साथ संवाद करेंगे। इस संवाद में उद्यमिता और नवाचार से जुड़े पारिस्थितिकी तंत्र तथा उभरते स्टार्टअप उपक्रमों द्वारा किये जा रहे कार्यों पर चर्चा होने की उम्मीद है। इसके बाद वह पास के केंद्रीय विद्यालय मैदान जायेंगे, जहां एक अन्य कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

आईआईटी-मद्रास परिसर की अपनी यात्रा के दौरान श्री मोदी परिसर में स्थित जलकंठेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे। अन्य निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होने से पहले मंदिर की यात्रा उनके कार्यक्रम का हिस्सा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित