नयी दिल्ली , दिसंबर 13 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जयप्रकाश नड्डा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने तिरुवानंतपुरम महानगर निगम के चुनाव में पार्टी की भारी जीत को एक ऐतिहासिक राजनीतिक पल बताते हुए इसे एक परिवर्तन का संकेत बताया है तथा इसके लिए केरल के लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट किया है।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने तिरुवनंतपुरम की जीत को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि केरल के लोग '' राजग को एकमात्र विकल्प के रूप में देखते हैं जो सुशासन दे सकता है और सभी के लिए अवसरों के साथ विकसित बना सकता है।' उन्होंने तिरुवनंतपुरम के लोगों को समर्थन के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता पार्टी की असली ताकत हैं।

भाजपा अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ' स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा और राजग का साथ देने के लिए केरल के लोगों का दिल से आभार। यह नतीजा हमारी बढ़ती जमीनी मौजूदगी को दिखाता है और पूरे राज्य में शासन में बदलाव की एक मजबूत इच्छा का संकेत देता है।"श्री नड्डा ने इसी पोस्ट में लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी के 'विकसित केरलम' के सपने पर लोगों का भरोसा साफ दिख रहा है। उन्होंने इस उत्साहजनक नतीज पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर, पार्टी की करेल इकाई और राजग के कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, '' केरल के लोगों का दिल से आभार जिन्होंने भाजपा और राजग उम्मीदवारों पर भरोसा जताया, और नगर निगमों में पार्टी के शानदार प्रदर्शन से एक नया अध्याय शुरू किया। इस दिल को छू लेने वाली जीत पर हमारे कार्यकर्ताओं के अथक प्रयास और भाजप के केरल नेतृत्व को हार्दिक बधाई।

श्री गडकरी ने लिखा है कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में, केरल अब एनडीए को एकमात्र ऐसी ताकत के रूप में देख रहा है जो सुशासन दे सकती है और सभी के लिए अवसरों के साथ 'विकसित केरलम' का निर्माण कर सकती है।

केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता पीयूष गोयल ने कहा है कि तिरुवनंतपुरम कॉर्पोरेशन में भाजपा-एनडीएके लिए लोगों का जनादेश केरल की राजनीति में एक ऐतिहासिक क्षण और भाजप के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

उन्होंने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री श्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष श्री नड्डा के कुल मार्गदर्शन और संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक प्रयास को दिया है। श्री गोयल ने कहा है कि भाजपा समावेशी विकास और कल्याण-उन्मुख शासन के माध्यम से जीवन की सुगमता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

केरल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने पार्टी को समर्थन के लिए राज्य के लोगों के प्रति आभार जताते हुए कहा, 'भाजपा और राजग को आपके समर्थन और 'विकसित केरलम के सपने' में आपकी आस्था के प्रति आपका बहुत-बहुत आभार। स्थानीय निकायों के चुनावों ने एक स्पष्ट संदेश दे दिया है।'श्री चंद्रशेखर ने लिखा है , मलयाली लोग भ्रष्टाचार-मुक्त शासन , विकास और जवाबदेही देखना चाहते हैं। वे बायें-दाये की दशकों से चल रही नाकारा और भ्रष्ट राजनीति से पीछा छुड़ा कर आगे बढ़ना चाहते हैं1'उन्होंने कहा है कि केरल में भाजपा-राजग का प्रदर्शन ऐतिहासिक है। यह दर्शाता है कि अब राज्य में अधिकाधिक लोग यह मान रहे हैं कि वास्तविक विकास कर सकते हैं और प्रत्येक मलयाली के भविष्य को बेहतर बना सकते हैं।

श्री चंद्रशेखर ने इस जीत में भाजपा-राजकार्यकर्ताओं के अथक प्रयास के लिए उनके प्रति आभार प्रकट किया । उन्होंने कहा है कि इस जन विश्वास से लोगों की सेवा और वायदों को पूरा करने के लिए पार्टी का संकल्प और मजबूत हुआ है।

उल्लेखनीय है कि तिरूवनंतपुरम निगम चुनाव में राजग ने 101 सदस्य वाले निगम में 50 सीटें जीती हैं। इस तरह तिरुवनंतपुरम निगम में वाम लोकतांत्रिक मोर्चे का चार दशक से भी लंबे समय से चला आ रहा वर्चस्व समाप्त हो गया है। इस चुनाव में वामदलों के मोर्चे को 29 और कांग्रेस के नेतृत्ववाले मोर्चे को 19 सीटें मिली हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित