ग्वालियर , मई 24 -- केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र के साथ सभी वर्गों को न्याय देने का कार्य कर रही है।
ग्वालियर में रविवार शाम अल्प प्रवास के दौरान पत्रकारों से चर्चा में श्री अठावले ने कहा कि केंद्र सरकार 'मेड इन इंडिया' के तहत स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत देशभर में लगभग 57 करोड़ शून्य बैलेंस खाते खोले गए हैं।
उन्होंने कहा कि उनका मंत्रालय अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग और अनाथ वर्गों को सामाजिक न्याय दिलाने के लिए कार्य कर रहा है तथा अब पिछड़ा वर्ग को भी अधिक अधिकार दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग पर होने वाले अत्याचारों के मामलों में भी मंत्रालय न्याय दिलाने के लिए सक्रिय है।
श्री अठावले ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ मुस्लिम समुदाय को भी मिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार सभी वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।
मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की ग्वालियर खंडपीठ में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगाए जाने को लेकर चल रहे विवाद पर उन्होंने कहा कि बाबा साहब संविधान मसौदा समिति के अध्यक्ष थे और उनकी प्रतिमा को लेकर विवाद नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि देशभर में कई स्थानों पर उनकी प्रतिमाएं स्थापित हैं।
रुपये की गिरती कीमत को लेकर पूछे गए प्रश्न पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि रुपया भले गिरा हो, लेकिन देश की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आदिवासी वर्ग के लिए भी विशेष कार्य कर रही है और 500 नए स्कूल खोले जाने की योजना है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के राजनीतिक भविष्य पर पूछे गए सवाल पर श्री अठावले ने कहा कि उनका प्रधानमंत्री बनना कठिन है। उन्होंने दावा किया कि हाल के चुनावों में कांग्रेस का प्रदर्शन कमजोर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित