कौशांबी , जून 13 -- उत्तर प्रदेश सरकार में पशुधन एवं दुग्ध विकास राज्य मंत्री तथा कौशांबी की प्रभारी मंत्री कृष्णा पासवान ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्षों की सबसे बड़ी उपलब्धि जनता का अटूट विश्वास और सरकार का सेवाभाव है।

शीतला देवी अतिथि गृह, सयारा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने "सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास" के मंत्र के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक योजना का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया है।

उन्होंने कहा कि इसी जनविश्वास का परिणाम है कि पिछले 12 वर्षों में 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने में सफलता मिली है। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रति जनता के विश्वास के चलते आज देश के 22 राज्यों में राजग की सरकारें कार्य कर रही हैं।

कृष्णा पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाले प्रधानमंत्री के रूप में स्थापित हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनका सम्मान बढ़ाने का कार्य किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की सीमाएं और अंतरिक्ष सुरक्षा भी मजबूत हुई है। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन कार्रवाइयों से पूरी दुनिया को यह संदेश गया कि भारत हर परिस्थिति में मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार है।

गरीब कल्याण योजनाओं का जिक्र करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जबकि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 60 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा कार्ड उपलब्ध कराए गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर पूछे गए सवाल पर कृष्णा पासवान ने कहा कि "अखिलेश यादव सत्ता में रहते हुए कुछ विशेष नहीं कर पाए। वर्ष 2027 अभी दूर है, लेकिन उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पुनः बनेगी।"पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि विभाग पशुपालन क्षेत्र की सभी संभावनाओं पर कार्य कर रहा है ताकि पशुपालकों की आय में वृद्धि हो सके।

उन्होंने बताया कि दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सरकार ने पराग दुग्ध डेयरी, जिसका कार्यक्षेत्र गोरखपुर, कानपुर और प्रयागराज जैसे क्षेत्रों में है, को मदर डेयरी से जोड़ने का निर्णय लिया है, जिससे दुग्ध उत्पादकों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य आगे भी जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित