चेन्नई , जनवरी 13 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कझगम (द्रमुक) अध्यक्ष एम के स्टालिन ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार तमिलनाडु को 'कोरोना महामारी' की तरह बिना रुके लगातार निशाना बना रही है लेकिन इस भेदभाव के बावजूद राज्य विकास और प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा, "जब हमने शासन की बागडोर संभाली, तो हम कोरोना महामारी की दूसरी लहर के बीच में थे। इसके बाद हमें केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के तमिलनाडु के खिलाफ लगातार कोरोना महामारी और प्राकृतिक आपदाओं की तरह बदले की भावना वाले भेदभाव का सामना करना पड़ा।"उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों को पोंगल की शुभकामनाएं देते हुए एक पत्र में कहा, "लगातार बाधाएं डालने वाली ताकतों पर काबू पाते हुए, तमिलनाडु देश में सबसे आगे बना हुआ है। केंद्र सरकार के मंत्रालयों के आंकड़े और रैंकिंग इसकी पुष्टि करते हैं।"श्री स्टालिन ने पोंगल को तमिलों की सांस्कृतिक अभिव्यक्ति बताते हुए कहा कि यह त्योहार जाति और धर्म, अमीर और गरीब के साथ-साथ सभी लोगों द्वारा मनाया जाता है। गांवों से लेकर द्रमुक की इकाइयां पूरे राज्य में 'द्रविड़ पोंगल' मना रही हैं। मुख्यमंत्री ने खुद शहर में अपने विधानसभा क्षेत्र कोलाथुर में 'समानता पोंगल' मनाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित