चंडीगढ़ , अक्टूबर 17 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्वाचित सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने और शहर में हुए विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया है। सेक्टर-33 स्थित प्रदेश कार्यालय कमलम् में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव की जानकारी दी। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता धरिंदर तायल, प्रदेश महामंत्री रामबीर भट्टी और प्रदेश उपाध्यक्ष राज किशोर भी मौजूद रहे।
श्री मल्होत्रा ने कहा कि श्री मोदी की राजनीतिक यात्रा सात अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई थी। इसके बाद 26 मई 2014 को उन्होंने प्रधानमंत्री पद संभाला। उन्होंने गुजरात में ज्योतिग्राम, सुजलाम सुफलाम और सौनी योजना सहित विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख किया। राष्ट्रीय स्तर पर जन-धन योजना, डिजिटल इंडिया, आयुष्मान भारत और बुनियादी ढांचे के विकास को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया।
चंडीगढ़ के विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत 333.61 करोड़ रुपये की लागत से एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र स्थापित किया गया, जिसे राष्ट्रपति पुरस्कार मिला है। डड्डूमाजरा में 11.5 लाख टन पुराने कचरे का उपचार कर 20 एकड़ भूमि मुक्त कराने और शहर में 5,000 स्मार्ट साइकिलों का नेटवर्क विकसित करने की उपलब्धियां भी गिनाईं।
उन्होंने मास्टर प्लान-2031, प्लॉट विखंडन, एफएआर में बदलाव और किरायेदारी नियमों से जुड़े प्रस्तावों को आवश्यकमंजूरी दिलाने के प्रयास तेज करने की बात कही। इसके अलावा 462 करोड़ रुपये की अमृत भारत रेलवे स्टेशन पुनर्विकास परियोजना और 5,278 करोड़ रुपये के ट्राइसिटी ग्रीनफील्ड बाईपास का उल्लेख किया।
भाजपा जल्द ही चंडीगढ़ के सभी 35 वार्डों और 22 ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाएगी। इसका उद्देश्य केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित