रायपुर/बिलासपुर , सितंबर 18 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने केंद्र और राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को रोजगार, महंगाई और आर्थिक नीतियों समेत विभिन्न मुद्दों पर घेरते हुए सरकार से अपने चुनावी वादों का हिसाब देने की मांग की है।
कांग्रेस नेताओं ने रायपुर और बिलासपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 साल के कार्यकाल को लेकर सवाल उठाए। पार्टी ने भाजपा के 'सेवा संकल्प' अभियान के बीच बेरोजगारी और महंगाई सहित जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा।
बिलासपुर में जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री और शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने में कांग्रेस को कोई आपत्ति नहीं है लेकिन उनके 12 साल के कार्यकाल की उपलब्धियों और किए गए वादों का हिसाब भी जनता के सामने रखा जाना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 के बाद केंद्र सरकार रोजगार, महंगाई और आर्थिक मोर्चे पर किए गए कई वादों को पूरा नहीं कर सकी। उन्होंने हर साल दो करोड़ रोजगार देने और महंगाई कम करने के वादों का उल्लेख करते हुए सरकार से इनकी मौजूदा स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
पार्टी नेताओं ने नोटबंदी और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के परिणामों के साथ बड़े कारोबारियों के कर्ज माफ किए जाने को लेकर भी सवाल उठाए। पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी और रुपए की स्थिति का उल्लेख करते हुए कांग्रेस ने आरोप लगाया कि आम लोगों को महंगाई से अपेक्षित राहत मिलने के बजाय आर्थिक बोझ बढ़ा है।
कांग्रेस ने केंद्र सरकार के समक्ष कुल 43 सवाल रखे हैं। इनमें खातों में 15 लाख रुपए आने के कथित वादे, नोटबंदी के परिणाम, रोजगार, महंगाई और सार्वजनिक उपक्रमों से जुड़े सवाल शामिल हैं। पार्टी ने कहा कि सरकार को इन मुद्दों पर जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा की ओर से दी गई 'मोदी की गारंटी' को लेकर भी राज्य सरकार से जवाब मांगा। पार्टी नेताओं ने एक लाख सरकारी नौकरी, 500 रुपए में गैस सिलेंडर और अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण जैसे वादों की मौजूदा स्थिति पर सवाल उठाए।
कांग्रेस ने महतारी वंदन योजना के लाभ तथा गोठान योजना बंद किए जाने का मुद्दा भी उठाया और सरकार से इन पर जवाब मांगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित