चंडीगढ़ , जून 19 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा चंडीगढ़ द्वारा विभिन्न जनजागरण और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए गए। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और विकसित भारत के संकल्प पर जोर दिया।

कार्यक्रमों की शुरुआत चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पौधारोपण अभियान से हुई, जिसके बाद प्रगति पथ यात्रा निकाली गई। सेक्टर-26 सब्जी मंडी में स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा ग्रीन मार्केट में व्यापारियों और नागरिकों से संवाद किया गया।

एनआईटीटीटीआर में आयोजित "विकसित भारत संकल्प" कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, विज्ञान, बुनियादी ढांचे और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर आए हैं, 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के घर मिले हैं और आयुष्मान भारत योजना से 60 करोड़ नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित