रायपुर , मई 26 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने मंगलवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। दोनों नेताओं ने इसे सेवा, सुशासन, अंत्योदय और गरीब कल्याण को समर्पित ऐतिहासिक कार्यकाल बताया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी, निर्णायक और जन केंद्रित नेतृत्व में भारत ने सेवा, सुरक्षा, आत्मविश्वास और विकास के नए युग में प्रवेश किया है। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में शासन की सोच और कार्यशैली में व्यापक बदलाव आया है तथा विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य हुआ है।

श्री साय ने कहा कि गरीब, किसान, महिला, युवा, वंचित और जनजातीय समाज के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का जो संकल्प श्री मोदी ने लिया, वह आज देशभर में दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि मजबूत अर्थव्यवस्था, आधुनिक अधोसंरचना, डिजिटल क्रांति, आत्मनिर्भरता, राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक समावेशन के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में विशेष रूप से बस्तर और वनांचल क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, मोबाइल कनेक्टिविटी, बैंकिंग सुविधाओं और शासकीय योजनाओं की पहुंच बढ़ी है, जिससे लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि 26 मई 2014 से शुरू हुआ यह 12 वर्षों का कार्यकाल देश के इतिहास में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प का जीवंत प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अंत्योदय के लक्ष्य को साकार किया है।

श्री साय ने कहा कि जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, हर घर जल और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने गरीबों, किसानों, माताओं-बहनों और युवाओं के जीवन में व्यापक बदलाव लाया है। डिजिटल इंडिया अभियान ने युवाओं के लिए नए अवसर पैदा किए हैं और शासन व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाई है।

दोनों नेताओं ने कहा कि "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" की भावना के साथ देश विकास और सामाजिक समावेशन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल नेतृत्व की कामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित