रायपुर , जून 16 -- छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री अमित साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों का कार्यकाल देश के इतिहास का सबसे जनकल्याणकारी दौर रहा है और इस अवधि में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।

श्री साहू ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि मोदी सरकार का प्रत्येक दिन 'राष्ट्र प्रथम' और 'गरीब कल्याण' के संकल्प को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि सामान्य पृष्ठभूमि से आने वाले श्री मोदी का लगातार तीसरी बार देश का नेतृत्व करना उनकी नीतियों और जनविश्वास का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। नीति आयोग के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि इस अवधि में करीब 25 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकले हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि देश में 58 करोड़ से अधिक जनधन खाते खोले गए हैं, 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ है और 10 करोड़ से अधिक परिवारों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

श्री साहू ने कहा कि इन योजनाओं का लाभ देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के लाखों परिवारों को भी मिला है और इससे गरीब एवं वंचित वर्गों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण की निरंतर यात्रा के रूप में याद किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित