चंडीगढ़ , जून 30 -- हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नये आयाम स्थापित किये हैं। किसान हितैषी योजनाओं, ग्रामीण विकास कार्यक्रमों, डिजिटल क्रांति, आधारभूत ढांचे के विस्तार और गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है, जिससे भारत विश्व स्तर पर एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में उभरा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लायी हैं। साथ ही, देश की सुरक्षा को मजबूत करने, सीमा क्षेत्रों के विकास और आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति अपनाने से भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा भी बढ़ी है।

श्री राणा ने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आधुनिक बनाने तथा पशुपालन और डेयरी क्षेत्र को सशक्त करने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है।

उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों में सेवा एवं समर्पण की भावना को मजबूत करते हैं। साथ ही उन्होंने नागरिकों से देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित