महासमुंद , जून 15 -- छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश पदाधिकारी रंजना साहू ने कहा है कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
सुश्री रंजना साहू मोदी सरकार के 12 पूर्ण होने के अवसर पर महासमुंद जिला भाजपा कार्यालय में सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बोल रही थी।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" के मूल मंत्र को आधार बनाकर समाज के सभी वर्गों के लिए कार्य किया है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने का प्रयास किया गया है, वहीं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को नि:शुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विकास को नई गति दी है।
उन्होंने कहा कि जनधन खातों के माध्यम से महिलाओं और गरीब वर्ग को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना जैसी पहलों से सामाजिक सुरक्षा का दायरा भी बढ़ा है।
भाजपा नेता ने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में देश की आंतरिक सुरक्षा और सीमाओं की सुरक्षा को भी सुदृढ़ बनाया गया है। उन्होंने कहा कि जनविश्वास, पारदर्शिता और प्रभावी शासन व्यवस्था के कारण देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित