पटना , अक्टूबर 25 -- केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने रविवार को कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और केंद्र सरकार की नीतियों के कारण भारत के स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान मिल रही है और बिहार के मखाना और शाही लीची समेत प्रदेश तथा देश के विशिष्ट उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती मांग इसका प्रमाण है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की पहल से स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के साथ किसानों, कारीगरों, उत्पादकों और छोटे उद्यमियों के लिए आर्थिक सशक्तीकरण के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।

श्री राय ने स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं और नीतियों ने देश के पारंपरिक एवं क्षेत्रीय उत्पादों को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने और उन्हें वैश्विक बाजार तक पहुंचाने का संकल्प अब धरातल पर साकार होता दिख रहा है। इससे न केवल देश की निर्यात क्षमता मजबूत हो रही है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के अवसर भी बढ़ रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार का मखाना और शाही लीची राज्य की विशिष्ट पहचान हैं। इन उत्पादों की बढ़ती मांग बिहार के किसानों और उत्पादकों के लिए संभावनाओं के नए द्वार खोल रही है। स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की पहल से देश की आर्थिक प्रगति को गति मिल रही है और भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है।

श्री राय ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता की लालसा में भ्रम और अफवाह फैलाने वाले तथा भारत विरोधी सुरों में सुर मिलाने वाले लोग देश की छवि और सामर्थ्य को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता ऐसे लोगों की मंशा को भली-भांति समझती है और राष्ट्रहित के विरुद्ध किए जाने वाले प्रयासों को स्वीकार नहीं करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित