नयी दिल्ली , अक्टूबर 11 -- कांग्रेस ने कहा है कि मोदी सरकार तानाशाही और दमनात्मक तरीके से सच्चाई को दबाना चाहती है लेकिन उसकी ऐसी किसी भी बर्बर करवाई से देश के लोग डरने वाले नहीं हैं।
पार्टी ने कहा कि यह सच को दबाने की कोशिश है लेकिन इससे कोई डरने वाला नहीं है और पार्टी को विश्वास है कि देश के लोग सफल होंगे और उनका सत्याग्रह जीतेगा।
कांग्रेस महासचिव (संगठन) तथा सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह अपनी सरकार को बचाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 'वोट चोरी' सामने आ चुकी है और जनता उनके खिलाफ हो गई है।
श्री वेणुगोपाल ने दिल्ली पुलिस पर पत्रकारों, ब्लॉगर्स और यूट्यूबर्स, विशेषकर महिला पत्रकारों को हिरासत में लेने तथा उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया और कहा कि सच्चाई दुनिया के सामने रखने वाले पत्रकारों को परेशान करना पूरी तरह अस्वीकार्य है।
उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस निर्दोष नागरिकों को उनके मौलिक अधिकारों का इस्तेमाल करने पर निशाना बना रही है, जबकि सत्तारूढ़ शासन से जुड़े समूहों को प्रदर्शनकारियों पर हमला करने की खुली छूट मिली हुई है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत के युवा डरने वाले नहीं हैं और किसी भी तरह की बर्बरता उनके प्रतिरोध के संकल्प को कमजोर नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि देश के लोग जीतेंगे और सत्याग्रह सफल होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित