जयपुर , जुलाई 02 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को बालोतरा जिले में स्थित राजस्थान रिफाइनरी परियोजना तथा अन्य विकास कार्यों एवं परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास पचपदरा से करेंगे।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार सभी जिला मुख्यालय इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम से ऑनलाइन जुड़ेंगे। जिला प्रभारी मंत्री, विधानसभा में सरकारी मुख्य सचेतक, विभिन्न बोर्ड, आयोग, निगम के अध्यक्ष को सम्बंधित जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राज्य के कैबिनेट मंत्रियों में कृषि डॉ. किरोडी लाल मीणा को सवाईमाधोपुर, चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह को नागौर, उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को दौसा, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को कोटा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल को जोधपुर, खाद्य मंत्री सुमित गोदारा को श्रीगंगानगर, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत को झुन्झुनूं, जन एवं स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल को टोंक, राजस्व मंत्री हेमन्त मीना को प्रतापगढ, जनजाति मंत्री बाबू लाल को उदयपुर और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत को चूरू लगाया गया है।
स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्रियों में सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार को चित्तौडगढ, ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर को बूंदी, नगरीय एवं स्वायत शासन राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा को जयपुर और वन राज्य मंत्री संजय शर्मा को सीकर की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह राज्य मंत्रियों में ओटाराम देवासी को राजसमंद, विजय सिंह को डीडवाना-कुचामन, जवाहर सिंह बेढम को डीग और डॉ. मंजू बाघमार को ब्यावर का प्रभार दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित