, March 8 -- प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ साल पहले हमने संकल्प लिया था कि तीन करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनायेंगे, लोगों ने इसका मजाक उड़ाया था और कहा था कि चुनाव जीतने के लिए इस प्रकार की बातें की जा रही है लेकिन आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर गर्व से कहता हूं कि महिलाओं को अगर अवसर दिया जाय तो वह कैसी कैसी सिद्धियां कर सकती है। तीन करोड़ से अधिक बहनें लखपति दीदी बन चुकी है और सरकार ने अपना संकल्प पूरा कर लिया है।

दशकों से गांवों में हमारी बहनों के पास हुनर था लेकिन पूंजी और अवसर नहीं मिलते थे लेकिन हमने महिलाओं को नये अवसर और बाजार से जोड़ने का काम किया। आज देश की बड़ी संख्या में महिलाएं सेल्फ हेल्प समूह से जुड़ी है जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर हुई है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि अब सरकार ने तय किया कि तीन करोड़ और महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जाएगा। देश की नारी शक्ति के आशीर्वाद से यह संकल्प भी अवश्य पूरा होगा।

इससे पहले प्रधानमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के अलावा आयुष्मान और पीम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों से संवाद किया जिसमें महिलाओं ने योजनाओं से किस प्रकार लाभ हुआ उसे साझा किया। इसमें दिल्ली मेट्रो को संचालित करने वाली महिलाकर्मी भी शामिल हुईं।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि नारी सम्मान और स्वावलंबन के लिए किसी नेता ने काम किया है तो वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है। प्रधानमंत्री की हर योजना के केंद्र में महिलाओं को रखा है। आपने वह कर दिया जिसे कभी किसी ने सोचा नहीं था। देश की बेटियां आपका दिल से धन्यवाद करती है। पूरे देश में बालिका छात्रावास बनाने की योजना से लड़कियों को लाभ मिलेगा।

केंद्रीय शहरी आवासन मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि आज का दिन बहुत ही महत्वपूर्ण है। इस दिन हम मातृ शक्ति को नमन करते है। दिल्ली वासियों के लिए अहम दिन है क्योंकि कई योजना का लोगों को लाभ मिलने वाला है। 2013-14 तक केवल पांच शहरों तक 245 किमी मेट्रो लाइन बना था लेकिन अब 1100 किमी का बड़ा नेटवर्क बन चुका है। हम दुनिया में मेट्रो नेटवर्क में तीसरे स्थान पर है। दिल्ली में पांच सौ किमी मेट्रो लाइन का विस्तार हो चुका है। दिल्ली में मेट्रो से यातायात सुगम हुआ है जिससे दिल्ली वासियों को लाभ हो रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के प्रदूषण का समाधान में मेट्रो से संभव होगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली में 33,500 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने सरोजिनी नगर में सामान्य पूल आवासीय परिसर (जीपीआरए) में प्रकार-5 क्वार्टर का दौरा किया और महिला आवंटियों को चाबी सौंपी। प्रधानमंत्री ने 8,300 करोड़ रुपये की दिल्ली मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसमें दिल्ली मेट्रो के दो नये कॉरिडोर मजलिस पार्क-मौजपुर बाबरपुर (पिंक लाइन), लगभग 12.3 किमी लंबी और दीपाली चौक-मजलिस पार्क (मैजेंटा लाइन), लगभग 9.9 किमी लंबी लाइन शामिल हैं। इन लाइनों से बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजुरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक, हैदरपुर, बादली मोड़, भलस्वा, मजलिस पार्क सहित कई क्षेत्रों को लाभ होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित