कोटा , मार्च 07 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की तारीफ की और किसी का नाम लिये बिना तंज कसते हुए कहा कि वह 'कुछ बड़े परिवारों के अनुशासहीन छात्रों' को सदन में अच्छे से संभालते हैं।

श्री मोदी ने कोटा में हवाई अड्डे के शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए एक सांसद और लोकसभा अध्यक्ष के रूप में श्री बिरला के कामकाज की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री बिरला की हमेशा यही कोशिश रही है कि कोटा के लोगों का जीवन बेहतर बने,उन्हें नए अवसर मिलें।

लोकसभा अध्यक्ष के तौर पर उनकी सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा ," वह एक ऐसे स्पीकर महोदय हैं, जो सांसदों का सर्वाधिक सम्मान करने का स्वभाव रखते हैं। और कभी-कभी कुछ बड़े घरानों के अहंकारी उत्पाती अगर कोई छात्र आ भी जाते हैं, वो अपना हुडदंग करने की आदत तो छोड़ते नहीं हैं, तो भी वो सदन के मुखिया की तरह सबको संभालते हैं, किसी को भी अपमानित नहीं करते हैं, सबके कड़वे बोल भी झेल लेते हैं।" श्री मोदी ने किसी सदस्य का नाम नहीं लिया लेकिन संभवत उनका इशारा कांग्रेस के कुछ सदस्यों की ओर था।

उल्लेखनीय है कि मौजूदा बजट सत्र के पहले चरण के दौरान कांग्रेस सदस्यों ने सदन में भारी हंगामा किया जिसकी वजह से प्रधानमंत्री राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब नहीं दे सके।

उन्होंने कहा कि श्री बिरला क्षेत्र में निरंतर सेवाभाव से काम कर रहे हैं और उनके प्रयासों के कारण ही कोटा और इस पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति मिल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित