नयी दिल्ली , जनवरी 31 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की नेता सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र का उप मुख्यमंत्री बनने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। श्री मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट में कहा , " महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री बनने और इस दायित्व को संभालने वाली पहली महिला बनने पर, सुनेत्रा पवार जी को हार्दिक शुभकामनाएँ। मुझे विश्वास है कि वह राज्य के लोगों के कल्याण के लिए अथक परिश्रम करेंगी और दिवंगत अजितदादा पवार के विज़न को साकार करेंगी।"उल्लेखनीय है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दिवंगत नेता अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने आज शाम ही महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। वह अपने पति दिवंगत अजित पवार के स्थान पर फडणवीस मंत्रिमंडल में शामिल हुई हैं। श्री पवार राज्य मंत्रिमंडल में उपमुख्यमंत्री थे। उनका 28 जनवरी को बारामती में एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया था। उपमुख्यमंत्री रहते हुए श्री पवार के पास वित्त, खेल, आबकारी जैसे मंत्रालय थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित