नयी दिल्ली , नवंबर 01 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रसिद्ध साहित्यकार एवं शिक्षाविद प्रोफेसर रामदरश मिश्र के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

श्री मोदी ने अपने शोक संदेश में कहा कि डॉ रामदरश मिश्र का निधन हिंदी और भोजपुरी साहित्य के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि इस महान साहित्यकार को उनकी लोकप्रिय रचनाओं के लिए सदैव याद किया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने पोस्ट में प्रो रामदरश मिश्र के निधन पर कहा "जाने-माने साहित्यकार और शिक्षाविद रामदरश मिश्र जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। उनका जाना हिंदी और भोजपुरी साहित्य के लिए अपूरणीय क्षति है। अपनी लोकप्रिय रचनाओं के लिए वे सदैव याद किए जाएंगे। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।"गौरतलब है कि प्रो रामदरश मिश्र का शुक्रवार को यहां द्वारका स्थिति उनके आवास पर निधन हो गया था। वह 101 वर्ष के थे। उन्होंने हिंदी साहित्य को कविता, कहानी तथा उपन्यास के रूप में कई महत्वपूर्ण रचनाएं दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित