बारां , अक्टूबर 07 -- राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सामान्य परिवार से निकलकर संघर्ष, समर्पण और जनसेवा के माध्यम से देश का नेतृत्व किया है।

श्री दिलावर बुधवार को राजस्थान में बारां में श्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा अभियानके तहत मेलखेड़ी रोड स्थित नर्सिंग कॉलेज के टाउन हॉल में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा में सम्बोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में आमजनएवं मातृशक्ति ने शिरकत की। इस दौरान दिल्ली में आयोजित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा गया।

श्री दिलावर ने कहा कि श्री मोदी के 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प की यात्रा है। वर्ष 2014 से देश विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, किसान सम्मान निधि और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब, किसान और जरूरतमंद परिवारों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

सभा के समापन के बाद भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पूर्व सैनिक कैप्टन रघुवीर सिंह बावड़ीखेड़ा की अगुवाई में मेडिकल कॉलेज से शहीद तिराहे तक मशाल जलाकर सेवा ज्योति यात्रा निकाली। कार्यक्रम में विधायक राधेश्याम बैरवा, विधायक ललित मीणा, पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद गर्ग, नंदलाल सुमन, प्रधान मोरपाल सुमन सहित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित