नयी दिल्ली , जून 05 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस पर बधाई देते हुए पर्यावरण संरक्षण तथा टिकाऊ विकास के प्रति नए सिरे से संकल्प लेने का आह्वान किया है।
उन्होंने पिछले दशक में भारत द्वारा हरियाली बढ़ाने और वन्यजीवों के संरक्षण में की गई प्रगति पर भी प्रकाश डाला।
श्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "विश्व पर्यावरण दिवस पर सभी को शुभकामनाएं। मैं पर्यावरण संरक्षण के प्रति उत्साहित सभी लोगों की सराहना करना चाहता हूं। यह दिन हमारे पर्यावरण की रक्षा करने और टिकाऊ विकास को आगे बढ़ाने के हमारे संकल्प को दोहराने का है।"प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले दस वर्षों में केंद्र की पहल पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा, "पिछले दशक में हमारी सरकार के कई प्रयास इस दिशा में हमारे काम को उजागर करते हैं। भारत की कुछ प्रमुख सफलताओं में हरित आवरण का विस्तार और कई जानवरों की आबादी में वृद्धि शामिल है।"उन्होंने पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी की भूमिका पर जोर देते हुए सामूहिक प्रयासों और नवाचार के माध्यम से सकारात्मक पर्यावरणीय परिणाम लाने में नागरिकों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा, "भारत के लोगों ने दिखाया है कि सामूहिक प्रयास, नीतियां, विज्ञान में विश्वास और नवाचार हमारे पर्यावरण को कैसे बेहतर बना सकते हैं।"उल्लेखनीय है कि हर साल पांच जून को मनाया जाने वाला विश्व पर्यावरण दिवस, पर्यावरणीय मुद्दों पर जागरूकता और कार्रवाई को प्रोत्साहित करने के लिए संयुक्त राष्ट्र का मुख्य मंच है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित