नयी दिल्ली , अक्टूबर 26 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को ब्राजील के राष्ट्रपति एवं वामपंथी नेता लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा को दोबारा राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी।

श्री मोदी ने भारत-ब्राजील रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने, विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने और ग्लोबल साउथ (वैश्विक दक्षिण) की साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने की इच्छा जतायी।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर जारी एक संदेश में श्री लूला को अपना 'प्रिय मित्र' संबोधित करते हुए उनकी इस शानदार चुनावी जीत पर 'हार्दिक बधाई' दी।

श्री मोदी ने भारत-ब्राजील के बीच संबंधों को प्रगाढ़ करने का भरोसा दिलाते हुए कहा, "मैं बहुआयामी भारत-ब्राजील रणनीतिक साझेदारी को और अधिक गहरा तथा व्यापक बनाने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हूं। हम मिलकर विभिन्न क्षेत्रों में अपने सहयोग को मजबूत करना जारी रखेंगे, वैश्विक दक्षिण की साझी प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाएंगे और एक अधिक समावेशी विश्व के निर्माण के लिए काम करेंगे।"भारत-ब्राजील के बीच व्यापार एवं निवेश, ऊर्जा, कृषि, रक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, डिजिटल सहयोग, स्वास्थ्य सेवा और जलवायु परिवर्तन जैसे विविध क्षेत्रों में व्यापक रणनीतिक साझेदारी है। 'वैश्विक दक्षिण' में महत्वपूर्ण प्रभाव रखने वाली दो बड़ी विकासशील अर्थव्यवस्थाओं के रूप में, दोनों देशों ने हमेशा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर विकासशील राष्ट्रों की मजबूत आवाज उठाने और वैश्विक आर्थिक-राजनीतिक चुनौतियों पर बेहतर समन्वय का समर्थन किया है।

उन्होंने कहा क ब्रिक्स, जी-20 और संयुक्त राष्ट्र में दोनों देशों की सदस्यता वैश्विक प्रशासन, सतत विकास, बहुपक्षीय संस्थाओं में सुधार और उभरती अर्थव्यवस्थाओं के हितों की रक्षा के लिए एक अहम मंच प्रदान करती है। दोनों देशों ने हमेशा 'दक्षिण-दक्षिण सहयोग' को मजबूत करने और एक अधिक प्रतिनिधित्व वाली वैश्विक व्यवस्था को बढ़ावा देने का प्रयास किया है।

श्री मोदी के संदेश में श्री लूला के नेतृत्व में ब्राजील के साथ भारत के लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को और मजबूत करने की भारत की मंशा पर जोर दिया गया। दोनों देशों के बीच बढ़ता सहयोग आर्थिक और व्यापारिक संबंधों के विस्तार, अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपने रुख में समन्वय स्थापित करने तथा विकास और वैश्विक शासन से जुड़ी साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों में महत्वपूर्ण बना रहने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित