नयी दिल्ली , मई 18 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुए सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

श्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

उन्होंने कहा, "उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुए हादसे से अत्यंत दुख हुआ है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायल जल्द स्वस्थ हों, ऐसी प्रार्थना करता हूं।"श्री मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की। इसके तहत मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में कम से कम नौ लोगों की मृत्यु हो गयी। एक तेज रफ्तार ट्रक ने विपरीत दिशा से आ रहे चार-पहिया वाहन को सामने से टक्कर मार दी। गाड़ी में दो महिलाओं सहित 10 लोग सवार थे। हादसा जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर पीलीभीत-बस्ती राजमार्ग पर आदलिसपुर गांव के निकट हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित