‎पटना , नवंबर 30 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के प्रदेश अध्यक्ष तथा बिहार के उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में मधु क्रांति की बात कर शहद उत्पादकों को नई राह दिखाई है।

भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवालने रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 128 वें एपिसोड को सुनने के बाद कहा कि श्री मोदी हर बार इस कार्यक्रम के माध्यम से कुछ नया संदेश देते हैं और इस बार उन्होंने मधु उत्पादकों को आगे बढ़ने की नयी राह दिखाई है।

‎ ‎भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल के अलावा आज बिहार के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव, प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री भिखू भाई दालसानिया, विधायक विनोद नारायण झा भी भाजपा कार्यालय पहुंचे और ' मन की बात' को तन्मयता से सुना।

‎भाजपा के अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आज अपने 'मन की बात' में भारतीय नौसेना और उसकी बहादुरी की चर्चा की। उन्होंने अपनी भूटान यात्रा की भी चर्चा की और कहा कि भगवान बुद्ध के अवशेषों को लेकर वहां के लोगों की उत्सुकता और प्रसन्नता गजब की थी।

‎ ‎श्री जायसवाल ने कहा कि प्रधानमन्त्री के 'वोकल फॉर लोकल' 'स्लोगन' का उद्देश्य है, भारत में बनी वस्तुओं का भारत में उपयोग बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विदेशी राष्ट्राध्यक्षों को भारत में निर्मित वस्तुएं और कलाकृतियाँ भेंट करते हैं, जिससे दुनिया भर में भारतीय संस्कृति का प्रचार प्रसार होता है। मन की बात कार्यक्रम में भारतीय खिलाड़ियों के बारे में भी उन्होंने विशेष चर्चा की। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के इस कार्यक्रम से लोगों को प्रेरणा मिलती है और देश के सुदूरवर्ती इलाकों के लोग भी इसे दिलचस्पी से देखते हैं।"‎ ‎भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री मोदी ने 357 मिलियन टन के खाद्यान्न उत्पादन के रिकॉर्ड बनाने की भी जानकारी दी और कहा कि 10 साल पहले की तुलना में भारत का खाद्यान्न उत्पादन 100 मिलियन टन और बढ़ गया है।

‎ ‎प्रधानमंत्री ने अपने मन की बात में सर्दियों के दौरान 'वेड इन इंडिया' अभियान की बढ़ती लोकप्रियता की भी बात करते हुए कहा कि सर्दियों की सुनहरी धूप हो, पहाड़ से उतरते कोहरे की चादर हो, डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए पहाड़ भी अब खूब लोकप्रिय हो रहे हैं। कई शादियां अब खास तौर पर गंगा जी के किनारे हो रही हैं। उन्होंने इसके जरिए पर्यटन को बढ़ावा देने की भी बात की।

‎ ‎ डॉ. जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आज के संस्करण में वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के कार्यक्रम, पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए डेस्टिनेशन वेडिंग, राम मंदिर पर धर्मध्वजा, रामबन सुलाई शहद और देश के अलग-अलग हिस्सों में बनने वाले शहद को लेकर बात की है। इतना ही नहीं, उन्होंने इसे मधु क्रांति कहकर संबोधित किया। ‎‎इस अवसर पर भाजपा कार्यालय में पार्टी के नेता अनिल शर्मा, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अमित प्रकाश बबलू ,प्रवक्ता संजीव मिश्रा, पूनम सिंह,अचल सिन्हा,प्रवीण पटेल, ज्ञान ओझा, विवेक मिश्र माधव सहित सैंकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने "मन की बात" कार्यक्रम को सुना।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित