नयी दिल्ली , जून 19 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को यहां प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत लगभग 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की और युवाओं को सशक्त बनाने तथा देशभर में रोजगार सृजन को गति देने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहरायी। श्री मोदी ने इस रोजगार योजना से जुड़े लाभार्थियों, उद्योग प्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार युवाओं को सशक्त बनाने तथा देशभर में रोजगार बढाने के लिए प्रतिबद्ध है।
यह सरकार की प्रमुख रोजगार-संबद्ध प्रोत्साहन योजना के क्रियान्वयन में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है तथा विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक सुरक्षा कवरेज का विस्तार करती है। इस प्रोत्साहन ने देशभर में 15 लाख रोजगार अवसरों के सृजन में सहायता की है।
फ्रांस और स्लोवाकिया की यात्रा से सुबह लौटने के बाद प्रधानमंत्री ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया और कहा कि देश के युवाओं को उनकी प्रतिभा, कौशल और क्षमता के लिए वैश्विक स्तर पर अभूतपूर्व पहचान मिल रही है। उन्होंने कहा कि विश्व भारतीय युवाओं की क्षमताओं को लगातार स्वीकार कर रहा है और सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि प्रत्येक युवा अपनी क्षमता को सफलता में बदल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित