चेन्नई , अप्रैल 04 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को यहां प्रसिद्ध संगीतकार रमेश विनायकम और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और भारतीय संगीत को वैश्विक मंच पर ले जाने के लिए उनकी सराहना की।

श्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "चुनाव प्रचार के दौरान मुझे चेन्नई में रमेश विनायकम और उनके परिवार से मिलने का अवसर मिला। रमेश विनायकम एक संगीतकार हैं और उन्होंने अपना पूरा जीवन भारतीय संगीत को लोकप्रिय बनाने के लिए समर्पित कर दिया है। उन्होंने मुझे 'गमक बॉक्स नोटेशन सिस्टम' तैयार करने के अपने काम की एक झलक दिखाई। भारतीय संगीत को दुनिया तक पहुंचाने का यह एक बेहद ही अभिनव तरीका है।"उल्लेखनीय है कि गमक बॉक्स नोटेशन सिस्टम एक विजुअल नोटेशन तकनीक है, जो भारतीय संगीत के सूक्ष्म अलंकारों को समझने और सिखाने में मदद करती है। किसी स्वर को सीधे न गाकर उसे हिलाकर, मोड़कर या सजाकर गाने को गमक कहते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित