कोलकाता , अप्रैल 09 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को पूर्वी मेदिनीपुर के हल्दिया में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य के लोगों के लिए छह गारंटियों का एलान किया।
श्री मोदी द्वारा घोषित इन गारंटियों में शासन-प्रशासन में लोगों का भरोसा फिर से कायम करना, जवाबदेही सुनिश्चित करना, भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई, संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और सातवें वेतन आयोग कोलागू करना शामिल है।
प्रधानमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की 'विजय संकल्प सभा' को संबोधित करते हुए कहा, " पश्चिम बंगाल में बदलाव की शुरुआत तब हुई, जब भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में सुश्री ममता बनर्जीको हराया। इस चुनाव में वह भवानीपुर में सुश्री ममता को हराएंगे, और भाजपा राज्य की बाकी सभी सीटोंपर तृणमूल कांग्रेस को शिकस्त देगी।" गौरतलब है कि पूर्वी मेदिनीपुर जिले में विधानसभा की 16 सीटें हैं।
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत 'भारत माता की जय' के नारों के साथ की और सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा, " तृणमूल की यह बेरहम सरकार अब जाने वाली है।" उन्होंने तृणमूल पर शासन-प्रशासन के हर स्तर पर डर फैलाने का आरोप भी लगाया।
उन्होंने कहा, " तृणमूल ने लोगों और सिस्टम के अंदर डर फैला दिया है। हम इस डर को भरोसे में बदल देंगे।" अपनी छह गारंटियों को गिनाते हुए श्री मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार लोगों के प्रति जवाबदेह होगी, अपराध और दुष्कर्म के सभी मामलों की फाइलें फिर से खोलेगी और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा, " भ्रष्टाचार में शामिल सभी लोगों को जेल भेजा जाएगा। कानून अपना काम करेगा। मोदी लोगों के पैसे को लूटने नहीं देंगे। "उन्होंने नागरिकता और कल्याण से जुड़ी चिंताओं पर भी बात की और कहा, " कानूनन हकदार लोगों को संविधान के अनुसार सभी फायदे मिलेंगे, लेकिन घुसपैठियों को यहां रहने की इजाज़त नहीं दी जाएगी।" उन्होंने सरकारी कर्मचारियों, शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि कहा, "आपको तृणमूल से डरने की ज़रूरत नहीं है। मोदी आपके साथ खड़े रहेंगे और हम राज्य में सातवां वेतन आयोग लागू करेंगे।"उन्होंने कहा, " सबका साथ, सबका विकास (चौतरफ़ा विकास) और लुटेरों का, सबका हिसाब होगा (उन्हें जवाबदेह ठहराया जाएगा)।" खराब मौसम की वजह से तय समय से करीब दो घंटे की देरी से प्रधानमंत्री की रैली पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे शुरू हुई। इसकी शुरुआत भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के शुरुआती भाषण से हुई। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 49 प्रतिशत वोट शेयर के साथ इस जिले की 16 विधानसभा क्षेत्रों में से 15 सीटों पर जीत हासिल की थीं। उन्होंने इस बार 55 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 16 में से 16 सीटें जीतने का वादा किया। श्री अधिकारी ने पिछली राजनीतिक लड़ाइयों से तुलना करते हुए कहा, " नंदीग्राम में जो हुआ, वही भवानीपुर में और पूरे राज्य में होगा।" उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल शासन के तहत बंगाल का विकास रुक गया है। उन्होंने दावा किया कि हल्दिया में उद्योग बंद हो रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार, घुसपैठ और 'सिंडिकेट राज' को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित