नयी दिल्ली , जून 06 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पंजाब के फिरोजपुर जिले में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख तथा घायलों को 50-50 हजार रूपये की अनुगृह राशि देने की घोषणा की है।
श्री मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की । उन्होंने प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा ," पंजाब के फिरोजपुर जिले में हुई दुर्घटना के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे। "उल्लेखनीय है कि फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर जंगा वाला मोड़ के निकट शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गयी, जबकि चौदह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसा उस समय हुआ जब एक परिवार के सदस्यों को लेकर जा रहा पिकअप वाहन एक ट्रक से टकरा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित