कोलकाता , जून 25 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोलकाता में तारातला वेयरहाउस गिरने की घटना में मारे गए लोगों के परिवारों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है, जबकि घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

पश्चिम बंगाल सरकार ने भी इस घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के लिए 10 लाख रुपये और घायलों के लिए एक-एक लाख रुपये के मुआवज़े की घोषणा की है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को विधानसभा में कहा, "सरकार घायलों के इलाज की पूरी ज़िम्मेदारी उठाएगी। हम जानते हैं कि पैसा काफ़ी नहीं है क्योंकि ज़िंदगी हमेशा कीमती होती है। फिर भी एक ज़िम्मेदार सरकार के तौर पर हम उन परिवारों के साथ खड़े होना चाहते हैं जिन्होंने अपने कीमती सदस्यों को खो दिया है।"श्री मोद ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "कल कोलकाता में हुई दुर्घटना दुखद है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों को पीएमएनआरएफ दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे। राज्य सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रही है कि प्रभावित लोगों को हर संभव मदद मिले।"इस बीच मुख्यमंत्री ने बुधवार को कहा कि पिछली सरकार द्वारा मंज़ूर किए गए बिल्डिंग प्लान में संरचनात्मक खराबी की वजह से तारातला में बन रहे गोदाम के गिरने की घटना हो सकती है, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। श्री अधिकारी ने घोषणा की कि पिछली सरकार के समय मंज़ूर किए गए सभी संरचनात्मक योजना को दोबारा जांच के लिए 31 जुलाई तक रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच से पता चला है कि पांच मंज़िला स्टील-फ्रेम वाले संरचना के मंज़ूर डिज़ाइन में कमियां थीं।

दुर्घटना वाली जगह का दौरा करने के बाद श्री अधिकारी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, "यह परियोजना पिछली सरकार ने 17 जनवरी को मंज़ूर किया था। निगम के इंजीनियर के अनुसार, परियोजना में खराबी थी और इसी वजह से यह हादसा हुआ। इसकी लीज़ बेहरा ब्रदर्स को दी गयी थी।" उन्होंने कहा, "अभी हमने संरचना का काम 31 जुलाई तक रोकने के लिए कहा है। हम तृणमूल कांग्रेस सरकार के समय मंज़ूर किए गए सभी प्लान की दोबारा जांच करेंगे और नई मंज़ूरी देंगे।"इस बीच, पुलिस ने तारातला गोदाम गिरने की घटना के सिलसिले में गोदाम के मालिक शंभूनाथ बेहरा समेत पांच लोगों को गिरफ़्तार किया है। इस घटना में आठ लोगों की मौत हुई और 20 अन्य घायल हुए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बेहरा को बुधवार आधी रात के करीब तारातला इलाके के एक रिहायशी कॉम्प्लेक्स से गिरफ़्तार किया गया। पुलिस ने उसके ख़िलाफ़ गैर-इरादतन हत्या (जो हत्या की श्रेणी में नहीं आती) का मामला दर्ज किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित