नयी दिल्ली , जून 20 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिमबंग दिवस पर राज्य के नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि पश्चिम बंगाल ने साहित्य, संगीत, कला, अध्यात्म, विज्ञान, व्यापार एवं वाणिज्य तथा सामाजिक सुधार सहित अनेक क्षेत्रों में अमूल्य योगदान दिया है और उसके कारण भारत का इतिहास तथा राष्ट्रीय चेतना समृद्ध हुई है।
श्री मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर अपने संदेश में लिखा कि 20 जून पश्चिम बंगाल के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है, क्योंकि इसी दिन यह सुनिश्चित हुआ था कि पश्चिम बंगाल भारत का अभिन्न अंग बना रहेगा। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की भूमिका अमूल्य रही है और वर्ष 2026 में उनकी 125वीं जयंती भी मनाई जा रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र पश्चिम बंगाल सरकार के साथ मिलकर राज्य के लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को साकार करने के लिए कार्य करती रहेगी। उन्होंने पश्चिम बंगाल की निरंतर प्रगति और राज्य के सभी नागरिकों की समृद्धि के लिए प्रार्थना भी की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित